लॉकडाउन का उल्लंघन कर मछली पार्टी करना लोगों को महंगा पड़ा। बिहार के जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड के सुगांव में बुधवार की रात (15 अप्रैल को) पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया था। पार्टी में मछली समेत कई व्यंजनों का इंतजाम था। पार्टी में स्थानीय लोगों के अलावा जिले एवं प्रखंड के कई अधिकारियों एवं नामचीन हस्तियों के भाग लेने की सूचना प्रशासन को प्राप्त हुई थी। इस आलोक में एसपी मनीष कुमार ने जांच का निर्देश दिया था। एएसपी पंकज कुमार के नेतृत्व में जांच की गई। जांच के बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई है।
एसपी के निर्देश पर टेहटा ओपी प्रभारी बैरिस्टर पासवान ने आठ नामजद एवं 30 तक ज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। नामजद लोगों ने पार्टी आयोजक गृह स्वामी पिंटू यादव, एसडीपीओ प्रभात भूषण श्रीवास्तव, मखदुमपुर बीडीओ अनिल मिस्त्री, सीओ राजीव रंजन, सामाजिक कार्यकर्ता एसके सुनील, संतोष , बीरेंद्र सिह , प्रवीण शर्मा शामिल हैं। इन लोगों पर कांड संख्या 129 /2020 के अंतर्गत विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिनमें आपदा अधिनियम, 188 ,269 ,270,271 आईपीसी धारा लगाए गए हैं।