IPL 13: राजस्थान रॉयल्स ने ऑस्ट्रेलिया- इंग्लैंड के क्रिकेटरों के बारे में कही ये बात - News Detail

IPL 13: राजस्थान रॉयल्स ने ऑस्ट्रेलिया- इंग्लैंड के क्रिकेटरों के बारे में कही ये बात

नयी दिल्ली। राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के शुरूआती मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के अहम खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी पर कहा कि इससे टीम को नुकसान की जगह फायदा होगा क्योंकि स्टीव स्मिथ, बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर जैसे खिलाड़ी 19 सितंबर से शुरू हो रही लीग के लिए ‘पूरी तैयारी’ के साथ यूएई पहुंचेंगे।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच सीमित ओवरों की श्रृंखला के कारण इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ी आईपीएल के शुरूआती कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पायेंगे। कोविड-19 महामारी के बीच इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया है जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम इंग्लैंड दौरे पर तीन टी2० अंतरराष्ट्रीय और इतने ही एक दिवसीय मैचों की श्रृंखला खेलेगी।

इस श्रृंखला से स्मिथ को फायदा होगा, जो आईपीएल में रॉयल्स का नेतृत्व करेंगे। रॉयल्स टीम के इंग्लैंड के खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर, जोस बटलर और स्टोक्स पहले से ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे है । वह हालांकि पांच दिवसीय प्रारूप का मैच खेल रहे है।
इंग्लैंड में दोनों देशों की श्रृंखला का आखिरी मैच 16 सितंबर को खेला जाएगा और 19 सितंबर से शुरू होने वाले आईपीएल के लिए यूएई में खिलाड़ियों को छह दिनों के लिए पृथकवास पर रहना होगा। इसका मतलब यह हुआ कि इस श्रृंखला में खेलने वाले आईपीएल खिलाड़ी शुरूआती कुछ मैचों में अपनी फ्रेंचाइची टीम का प्रतिनिधित्व नहीं कर पायेगे। राजस्थान रॉयल्स ने कहा कि बीसीसीआई की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को मानना जरूरी होगा।

राजस्थान रॉयल्स के सीओओ (मुख्य संचालन अधिकारी) जेक लश मैक्रोम ने पीटीआई-भाषा को बताया, ”इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल से ठीक पहले एक बड़ी श्रृंखला में एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करेंगे, जिसमें कई सकारात्मक चीजे हैं । यह उन्हें पूर्ण मैच फिटनेस हासिल करने में मदद करेगा।”

उन्होंने कहा,” वे आईपीएल से पहले उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगे जहां वे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खेलेंगे। बीसीसीआई द्बारा लगाए गए प्रोटोकॉल के कारण वे पहला मैच नहीं खेलेंगे लेकिन हमारा मानना ​​है कि हर किसी को सुरक्षित रखने के लिए प्रोटोकॉल हैं।” यूएई पहुंचने पर खिलाड़ियों का पहले, तीसरे और छठे दिन कोविड-19 परीक्षण होगा और अगर उनकी जांच का नतीजा निगेटिव आया तो उन्हें टूर्नामेंट के जैविक रूप से सुरक्षित महौल में जाने की इजाजत दी जाएगी।

लीग के दौरान खिलाड़ी या सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के पॉजिटिव पाये जाने के बारे में पूछे जाने पर मैक्रोम ने कहा, ” संदिग्ध या पॉजिटिव मामलों को टीम से तुरंत अलग कर दिया जाएगा। टीम के डॉक्टर आईपीएल मेडिकल टीम के अनुसार मामलों का प्रबंधन करेंगे। इसके बाद खिलाड़ी के संपर्क में आये सभी लोगों की जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *