तारापुर के विधायक मेवालाल चौधरी का निधन - News Detail

तारापुर के विधायक मेवालाल चौधरी का निधन

PATNA: पूर्व शिक्षा मंत्री और तारापुर के जदयू विधायक मेवालाल चौधरी का सोमवार की अलसुबह राजधानी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के क्रम में निधन हो गया। वह कोरोना संक्रमित हो गए थे। उनकी उम्र 65 वर्ष थी। जानकारी के अनुसार आरटीपीसीआर की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद 13 अप्रैल को वह पटना आए थे। जांच के क्रम में उनकी रिपोर्ट निगेटिव थी पर कोरोना के लक्षण की वजह से उन्होंने अपना सीटी स्कैन कराया था। सीटी स्कैन की रिपोर्ट में संक्रमण की बात सामने आई थी। काफी प्रयास के बाद उन्हें पटना के एक बड़े अस्पताल में बेड मिला था। समस्या अधिक बढ़ने की वजह से वह वेंटिलेटर पर थे।

गवर्नर ने जताया शोक

राज्यपाल फागू चौहान ने कहा है कि मेवालाल के निधन से सामाजिक, राजनीतिक एवं शिक्षा जगत को बड़ी क्षति हुई है। वहीं स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने मेवालाल को नेक इंसान और कुशल समाजसेवी बताया। उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी ने शोक जताते हुए कहा कि मेवालाल को शिक्षाविद के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं विधायक तेजप्रताप यादव ने संवेदना व्यक्त करते हुए मेवालाल को योग्य शिक्षाविद एवं कुशल राजनेता बताया। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि लोग उन्हें हमेशा एक बेहतर इंसान, नेकदिल राजनेता और शिक्षाविद के रूप में याद रखेंगे। पूर्व स्पीकर सदानंद सिंह ने भी संवेदना जताई है। साथ ही अन्य नेताओं ने भी शोक प्रकट किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *