मुंबई में मानसून की झमाझम बारिश, मध्यप्रदेश-बिहार में प्री-मानसून

मुंबई में बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज मानसून पहुंच गया । सुबह से यहां बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दक्षिण पश्चिम मानसून को मुंबई में बुधवार को दस्तक देने की संभावना जताई थी।  क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक शुभांगी भूटे ने  बताया कि मंगलवार सुबह मुंबई शहर में बारिश हुई, लेकिन यह मानसून से पहले की बारिश थी। मानसून की मौजूदा अनुकूल परिस्थितियों की वजह से मुंबई के कई हिस्सों में बारिश जारी है।मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर जर्जर इमारतों को खाली कराने का आदेश दिया है।

वहीं मध्यप्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश जारी है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल, इंदौर, शाजापुर, मंदसौर, देवास, सागर और जबलपुर में बारिश हो रही है। इंदौर में पिछले चार-पांच दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं भोपाल में मंगलवार शाम से रूक-रूक कर बारिश हो रही है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा कि अगले सप्ताह तक यहां भी मानसून पहुंच जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो बिहार में प्री-मानसून बारिश हो रही है। 12 जून के बाद यहां पर मानसून पहुंचेगा। उत्तरी बिहार के कई जिलों में बुधवार सुबह से बारिश हो रही है।  वहीं झारखंड के धनबाद जिले में बादल बरस रहे हैं।  मौसम विभाग ने 13 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *