युवतियों से दुष्कर्म व छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा

नशा मुक्ति केंद्र में युवतियों से दुष्कर्म और छेड़खानी के आरोपी संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह ऋषिकेश के श्यामपुर में छिपा हुआ था। पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गत बृहस्पतिवार को क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के वॉक एंड विन सोबर नाम के नशा मुक्ति केंद्र से चार युवतियां भाग गईं थीं। इस केंद्र का संचालक विद्यादत्त रतूड़ी भी इन युवतियों को खोज रहा था। लेकिन, जैसे ही इनमें से एक को पुलिस ने बरामद किया वह अपना फोन बंद कर भाग निकला। पता चला कि युवतियों में से एक के साथ उसने दुष्कर्म किया और बाकी के साथ छेड़खानी की है। पुलिस ने केंद्र की डायरेक्टर विभा को तो गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन रतूड़ी हाथ नहीं आया था।

सीओ सदर अनुज कुमार ने बताया कि रतूड़ी की तलाश में उसके घर छिद्दरवाला, पौड़ी आदि में दबिश दी गई। इस बीच पता चला कि वह ऋषिकेश के पास श्यामपुर में छुपा हुआ है। सोमवार सुबह ही उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने पुलिस को सारी बात बताई। वह जानता था कि लड़कियां उसके खिलाफ शिकायत जरूर करेंगी। इसी कारण वह कभी भी ढूंढने के दौरान पुलिस के सामने नहीं आया। विभा ने ही सारी जानकारी पुलिस को दी और वही थाने गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *