भारतीय महिला हॉकी स्टार वंदना पहुंचीं देहरादून, ग्राफिक एरा देगा 11 लाख रुपये का पुरस्कार

टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया आज बुधवार को उत्तराखंड पहुंच गईं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट में वंदना का गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत हुआ। यहां से वह हरिद्वार स्थित अपने गांव पहुंचीं।

तीर्थनगरी हरिद्वार की बेटी और हॉकी की राष्ट्रीय खिलाड़ी वंदना कटारिया ने घर पहुंच कर कहा कि मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। हम लोग मेडल के बहुत नजदीक थे, मेडल नहीं जीत पाए। लेकिन हमने भारत में लोगों का दिल जीता है।

इसके बाद वंदना देहरादून स्थित ग्राफिक एरा विश्विद्यालय पहुंचीं। ग्राफिक एरा में उनका जोरदार स्वागत हुआ। ढोल-नगाड़ों की धुन में विवि के शिक्षक और छात्रों ने वंदना का स्वागत किया। यहां उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। साथ ही उन्हें विश्वविद्यालय की ओर से 11 लाख की धनराशि का चेक भी सौंपा जाएगा।

इससे पहले हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर लोगों ने जमकर स्वागत किया। यहां पर काफी संख्या में लोग उनका स्वागत करने के लिए मौजूद रहे। इस दौरान विधायक देशराज कर्णवाल, ऋषिकेश अनीता मंमगाई, संयुक्त निदेशक खेल बीपी भट्ट और जिला क्रीड़ा अधिकारी हरिद्वार सुनील डोभाल समेत काफी संख्या में लोग स्वागत करने के लिए मौजूद रहे। गाजे-बाजे से साथ वंदना का स्वागत किया गया। यहां से वंदना का काफिला हरिद्वार के लिए रवाना हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *