सम्राट मिहिर भोज के वंशज होने का राजपूत और गुर्जरों के बीच बना गतिरोध भी नहीं थमा। ऐसे में विवादों के बीच आज मुख्यमंत्री प्रतिमा का अनावरण करेंगे। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने प्रेसवार्ता की तो करणी सेना के कार्यकर्ता घोड़ी गांव में पंचायत करने पहुंच गए। दोनों पक्षों ने अपने-अपने पक्ष में दावे किए और दूसरे के दावों को खारिज किया।
करणी सेना ने प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम का विरोध करने की चेतावनी दी है। कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर घोड़ी गांव में भी पहुंच गए। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी हुई। करणी सेना की बैठक के कारण सुबह से ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घोड़ी गांव में करणी सेना के प्रदेश सचिव सचिन चौहान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्राइमरी स्कूल के सभा स्थल पर पहुंचे तो पुलिस ने कार्यकर्ताओं को घुसने नहीं दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं ने गांव के मुख्य गेट पर सभा भी की।