सच को झूठ और झूठ को सच साबित करने पर तुली भाजपा : आजाद अली - News Detail

सच को झूठ और झूठ को सच साबित करने पर तुली भाजपा : आजाद अली

देहरादून। जल्द ही देश के दो राज्यों गुजरात और हिमाचल में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इन चुनावों में जीत हासिल करने को भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भारतीय जनता पार्टी के छोटे से लेकर बड़े नेता इन दिनों बड़े जोरशोर से गुजरात और हिमाचल में चुनाव प्रचार करने में जुटे हुए हैं। यह कहना है उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश सचिव आजाद अली का।

उन्होंने भाजपा के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि इन चुनावों में जीत दर्ज कराने को एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। सत्ता पाने की ललक में भाजपाई नेता यह भी भूल गए कि उनकी मर्यादाएं क्या है। इन चुनाव में जीतने को अब वह झूठ का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता सत्ता हथियाने को सच को झूठ और झूठ को सच साबित करने पर तुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान विपक्ष के नेताओं के खिलाफ जमकर जहर उगला जा रहा है और वह अपनी कमियों को छुपाकर दूसरों का दोष गिनाने में जुटे हुए हैं।

आजाद अली ने कहा कि झूठ को सच का नकाब ओढ़ाना कोई भाजापा से सीखे। उन्होंने कहा कि बीजेपी के छुटभैया नेता से लेकर प्रधानमंत्री तक सभी झूठ बोल कर देश की जनता को गुमराह करने पर तुले हुए हैं। आजाद अली ने आरोप लगाते हुए कहा कि झूठ की बैसाखी थाम कर भाजपा अब तक चुनाव जीती आई है फिर चाहे उसे सत्ता पर काबिज होने को साम दाम की नीति ही क्यों ना अपनानी पड़े।

उन्होंने कहा कि भाजापा ने झूठे प्रलोभन देकर देश को बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है किंतु देश की जनता सब कुछ साफ-साफ देख रही है और अब जनता का भाजपा से मोहभंग हो चुका है। इसका पता जल्द ही चुनाव नतीजे आने पर भाजपा को लग जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि झूठ की उम्र बहुत कम होती है। झूठ बोल कर कुछ पल को तो सुकून हासिल किया जा सकता है मगर उम्र भर नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पाप का घड़ा भर चुका है और उसे जल्द ही उसके बुरे कर्मों की सजा देश की जनता देगी। 2019 के लोकसभा चुनाव में देश की राजनीति से भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *