थरूर की अजीब बधाई.. ‘छिल्लर’ भी बन गई मिस व‌र्ल्ड

नई दिल्ली : मिस व‌र्ल्ड 2017 का खिताब जीतने पर एक तरफ जहां मानुषी छिल्लर को पूरा देश बधाई दे रहा है, वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर उन पर टिप्पणी कर घिर गए हैं। थरूर ने भाजपा को घेरने के लिए मानुषी की जीत को नोटबंदी से जोड़ दिया, जिसके चलते उनका विरोध शुरू हो गया। उनके इस ट्वीट को राष्ट्रीय महिला आयोग ने गंभीरता से लिया है। आयोग इसके लिए थरूर को नोटिस जारी करेगा। हालांकि, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मानुषी को खिताब जीतने पर ट्वीट कर बधाई दी है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री थरूर ने रविवार को एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि नोटबंदी का फैसला गलत था। भाजपा को यह अहसास होना चाहिए कि भारतीय कैश दुनिया पर राज करता है, यहां तक कि हमारी ‘छिल्लर’ भी मिस व‌र्ल्ड बन गई। इसके तुरंत बाद लोगों ने उनको घेरना शुरू कर दिया। लोगों ने कहा कि मानुषी का सरनेम ‘छिल्लर’ है, न कि ‘चिल्लर।’ दोनों शब्दों की वर्तनी और अर्थ दोनों में फर्क होता है। हालांकि, विवाद बढ़ने पर उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि हल्के-फुल्के मूड में की थी और उनका इरादा किसी को अपमानित करना नहीं था। उन्होंने खिताब जीतने के लिए मानुषी की तारीफ भी की। बता दें कि मानुषी ने चीन में आयोजित मिस व‌र्ल्ड प्रतियोगिता 2017 का खिताब अपने नाम कर लिया है। इससे पहले 2000 में प्रियंका चोपड़ा ने इस खिताब को भारत के नाम किया था। हरियाणा की मानुषी छिल्लर मेडिकल छात्रा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *