स्मार्ट सिटी की सूची में बरेली, मुरादाबाद समेत नौ और शहर शामिल

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के तीन शहर बरेली, मुरादाबाद व सहारनपुर और बिहार के बिहारशरीफ समेत नौ और नए स्मार्ट सिटी की घोषणा कर दी गई है। इसके साथ ही अब तक स्मार्ट सिटी मिशन के तहत अब तक 99 शहरों की घोषणा की जा चुकी है। देश के पहले स्मार्ट सिटी बनने के मिशन में सूरत सबसे आगे है। हालांकि सरकार लोकसभा चुनावों से पहले स्मार्ट सुविधाओं से युक्त कम से कम दस शहर सामने लाने की तैयारी में है। जून 2015 में शुरू हुए मिशन में शुरुआत में सौ स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की गई थी। बाद में सभी राज्यों की राजधानियों को इसमें शामिल करने से इतनी संख्या बढ़ गई है।

उत्तर प्रदेश के हिस्से में 13 स्मार्ट सिटी है, इसमें से अब तक दस की घोषणा हो चुकी है। राज्य को अभी तीन स्मार्ट सिटी और मिलनी है। बिहार के हिस्से की सभी चार, झारखंड, उत्तराखंड व दिल्ली के हिस्से की एक एक स्मार्ट सिटी की घोषणाएं हो चुकी हैं। शुक्रवार को शहरी आवास व विकास मंत्री हरदीप पुरी ने स्मार्ट सिटी प्रतिस्पर्धा के चौथे चरण में जिन नौ नए स्मार्ट सिटी की घोषणा की उनमें उत्तर प्रदेश के तीन व बिहार के एक शहर के साथ तमिलनाडु का इरोड, दमन व दीव का दीव, अरुणाचल प्रदेश का ईटानगर, दादरा नगर हवेली का सिलवासा और लक्षद्वीप का कवरत्ति भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *