जोशीमठ के जंगलों में आग नहीं रुक रही, वन संपदा को भी पहुंच रहा नुकसान - News Detail

जोशीमठ के जंगलों में आग नहीं रुक रही, वन संपदा को भी पहुंच रहा नुकसान

जोशीमठ, चमोली : जोशीमठ के जंगलों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रात बड़गांव के सामने की पहाड़ियों पर अचानक आग लग गई। यह आग चोटी से नीचे की ओर नदी तक पहुंची। जहां आग खुद ही बुझ गई है। अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग ने फायर लाइन काटकर आग पर काबू पाने की कोशिशें भी तेज कर दी है।

बीते एक सप्ताह से जोशीमठ के जंगल धू धूकर जल रहे हैं। भंग्यूल, थैंग, उर्गम, बड़गांव की पहाड़ियां, ऐरा तोक, भ्यूंडार में तकरीबन 150 हेक्टेयर क्षेत्र जंगल आग की भेंट चढ़ चुका है। अन्य स्थानों पर आग बुझ चुकी थी।

बीती रात को बड़गांव के सामने की पहाड़ियों पर अचानक आग धधक गई। रात होने के चलते वन विभाग आग बुझाने के लिए सुबह होने का इंतजार करता रहा। परंतु आग चोटी से सीधे धौली गंगा तक नीचे आकर बुझ गई। हालांकि सुबह वन विभाग के कर्मचारियों ने जंगल में पहुंचकर फायर लाइन काटी।

नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन क्षेत्राधिकारी दिनेश चंद्र बिष्ट ने बताया कि जोशीमठ के अग्नि प्रभावित व संवेदनशील जंगलों में वन विभाग फायर लाइन काटने की कार्रवाई कर रहा है। इसके लिए नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के 16 कर्मचारी विभिन्न जंगलों में डेरा डाले हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *