28 फरवरी को प्रधानमंत्री देखेंगे केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण की लाइव तस्वीरें - News Detail

28 फरवरी को प्रधानमंत्री देखेंगे केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण की लाइव तस्वीरें

रुद्रप्रयाग : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को पहली बार प्रधानमंत्री कार्यालय में बैठकर केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण की लाइव तस्वीरें देखेंगे। केदारनाथ में लगे ड्रोन कैमरे के जरिये यह तस्वीरें पीएम कार्यालय तक पहुंचेंगी। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने ड्रोन कैमरे की लाइव तस्वीरों से केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को देहरादून में देखकर ट्रायल भी लिया।

मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह व गढ़वाल कमिश्नर दिलीप जावलकर ने देहरादून सचिवालय से 16 मिनट तक केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की लाइव तस्वीरें ड्रोन कैमरे से देखी। वहीं, जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने रुद्रप्रयाग कलक्ट्रेट में बैठकर ही लाइव तस्वीरें देखी।

28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री कार्यालय दिल्ली से केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की लाइव तस्वीर देखकर प्रगति रिपोर्ट का जायजा लेंगे। सबसे पहले पीएम को सरस्वती घाट में चल रहे निर्माण कार्यों को दिखाया जाएगा

इसके बाद मंदिर के सामने बन रहे पचास फीट चौड़े रास्ते व ढाई सौ मीटर लंबे रास्ते पर चल रहे कार्यों को दिखाया जाएगा। मंदिर परिसर में चल रहे पुर्ननिर्माण कार्यों, गरुड़चट्टी से केदारनाथ तक बनाए जा रहे पैदल मार्ग को भी प्रधानमंत्री ड्रोन कैमरे के जरिए देखेंगे। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि 28 फरवरी के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

लगाए जाएंगे तीन ड्रोन कैमरे

केदारनाथ में प्रधानमंत्री के 28 फरवरी को दिल्ली से लाइव निरीक्षण के लिए तीन ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे।

28 फरवरी तक हट जाएंगे केदारनाथ में तीन भवन

केदारनाथ में प्रधानमंत्री के ड्रोन कैमरे से निरीक्षण से पूर्व केदारनाथ मंदिर के सामने बन रहे पैदल मार्ग की जद में आ रहे तीन भवनों को प्रशासन हटा देगा, इसके लिए भवन स्वामियों से सहमति ली जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि शीघ्र सहमति के आधार पर इन भवनों को हटा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *