पुराना रानीखेत खैरना हाईवे पर पत्थर गिरने से सड़क अवरुद्ध, चालकों ने पत्थर हटाकर यातायात को किया सुचारु

गरमपानी, नैनीताल : पुराना रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर अतिसंवेदनशील कनवाड़ी की पहाड़ी से पत्थर गिरने से सड़क अवरुद्ध हो गई। गनीमत रही की इसकी चपेट में कोई वाहन नहीं आया। वाहन चालकों ने पत्थर हटाकर यातायात को सुचारु किया।

स्टेट हाईवे पर भुजान के समीप डेंजर जोन कनवाड़ी की पहाड़ी से गत रात एकाएक भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से बड़े पत्थर स्टेट हाईवे पर आ गिरे। इससे राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही थम गई। काफी देर पत्थरों की बरसात के बीच मलबा गिरता रहा।

करीब आधे घंटे बाद भूस्खलन रुका तो यात्रियों व वाहन चालकों ने सड़क के बीच गिरे पत्थरों को हटाया। इधर, देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, मदन सिंह मेहरा, पूरन लाल साह, बिशन जंतवाल ने कहा कि कनवाड़ी की पहाड़ी पर अवैध खदान के चलते भूस्खलन हो रहा है। उन्होंने खदान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *