पूजा के लिए नदी में गए दो युवक बहे

पिथौरागढ़: प्रसिद्ध चंडिका मंदिर में पूजा के लिए गए दो युवक रामगंगा नदी में बह गए। ग्रामीणों ने उनकी काफी खोज की, लेकिन दोनों का पता नहीं चल पाया है।

गंगोलीहाट तहसील के सुवाल गांव के ग्रामीण पूजा के लिए रामगंगा नदी किनारे स्थित चंडिकाघाट मंदिर गए थे। यह मंदिर पिथौरागढ़ से लगभग 36 किमी दूरी पर स्थित है।

ग्रामीणों के साथ पूजा में आए विनोद नाथ (21 वर्ष) पुत्र पुष्कर नाथ और जगदीश नाथ (25 वर्ष) पुत्र प्रेम नाथ रामगंगा नदी में नहाने गए। नहाने के दौरान दोनों तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

उन्हें बहते देख ग्रामीणों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे बहते हुए दूर निकल गए। दोनों की खोज के लिए ग्रामीण जुटे रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।

सूचना पर पिथौरागढ़ से पुलिस भी पहुंच गई। दोनों की तलाश में रेस्क्यू शुरू कर दिया गया है। इन युवकों में विनोद नाथ भारतीय सेना का जवान है। वह छह माह पूर्व सेना में भर्ती हुआ था और प्रशिक्षण के दौरान अभी 28 दिन के अवकाश पर घर आया था। दूसरा युवक जगदीश पिथौरागढ़ में प्राइवेट फर्म में कार्य करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *