पल्लवी बोलीं- नहीं थी आपसी सहमति

नई दिल्ली। अभियान के तहत यौन शोषण और दुष्कर्म के आरोपों से घिरे पूर्व विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। नेशनल पब्लिक रेडियो (NPR) की चीफ बिजनेस एडिटर पल्लवी गोगोई द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोप पर अपना बचाव करते हुए एमजे अकबर ने कहा कि संबंध सहमति से बने थे। हालांकि उनके इस बयान के बाद पल्लवी का एक और स्टेटमेंट सामने आया है। जिसमें उन्होंने आपसी सहमति वाले अकबर के बयान को झूठा बताया है ट्विटर पर अपना बयान पोस्ट करते हुए पल्लवी गोगोई ने कहा कि उनके द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोप बिल्कुल सही हैं।उन्होंने लिखा, ‘कल वॉशिंगटन पोस्ट ने मेरा लेख छापा था, जिसमें मैंने एमजे अकबर पर शारीरिक शोषण, मौखिक और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। उस वक्त मैं 20 की उम्र में थी, एक महात्वाकांक्षी पत्रकार और उस अखबार में काम करती थी, जिसे (एमजे अकबर) हेड कर रहे थे। उन्होंने जो कुछ भी मेरे साथ और अन्य महिला पत्रकारों के साथ किया (जो साहस के साथ सामने आईं), उसकी जिम्मेदारी लेने की बजाय वे मामले में सफाई देने में जुटे हैं। वे कह रहे हैं कि जो भी संबंध थे वे आपसी सहमति से थे, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। एक रिश्ता जहां आप अपनी पावर का दुरुपयोग करते हैं, वो सहमति से नहीं हो सकता। मैं अपने प्रकाशित लेख में लिखे एक-एक शब्दों पर अब भी कायम हूं।’उन्होंने आगे कहा कि मैं सच की लड़ाई जारी रखूंगी, जबतक झूठ का पर्दा बेनकाब नहीं हो जाता। उन्होंने लिखा, ‘मैं अपनी सच्चाई बोलना जारी रखूंगी ताकि अन्य महिलाओं (जिनका यौन उत्पीड़न हुआ है) को भी पता चले कि उनके लिए आगे आना और अपनी सच्चाई को भी बोलना कितना ठीक है।’बता दें कि पत्रकार पल्लवी गोगोई के आरोपों पर एमजे अकबर ने अपनी सफाई देते हुए कहा था कि दुष्कर्म के आरोप बिल्कुल झूठे हैं। पल्लवी से उनके संबंध आपसी सहमति से बने थे। अकबर ने कहा, ‘साल 1994 में पल्लवी गोगोई और मेरे बीच आपसी सहमति से संबंध बने थे, जो कई महीनों तक चला। इन संबंधों की वजह से मेरे पारिवारिक रिश्तों में तल्खी आने लगी। इस वजह से हमनें संबंधों को खत्म करने का फैसला किया।’वहीं, एमजे अकबर की पत्नी मल्लिका अकबर ने अपने पति का बचाव किया है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि मीटू कैंपेन के तहत एमजे अकबर पर आरोप लगने के बाद मैं खामोश थी लेकिन वॉशिंगटन पोस्ट में छपे पल्लवी गोगोई के लेख के जरिए दुष्कर्म के आरोप लगाने के बाद मुझे बोलना पड़ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि 20 साल पहले पल्लवी गोगोई मेरे परिवार में दुख और विवाद की वजह बनी थीं। पल्लवी उनकी मौजूदगी में भी उनके पति से अपना लगाव जाहिर करती रहती थीं। इन दोनों के बीच का संबंध उनके परिवार के लिए समस्या की वजह बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *