थाने में भिड़ गए भाजपाई और कांग्रेसी

देहरादून। आज दोपहर काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ देहरादून के रायपुर थाने में जुट गई। कुछ देर बाद भाजपा कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। दोनों पार्टियों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ नारे लगने लगे। देखते ही देखते हालात तनावपूर्ण हो गए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह जहां थाने के भीतर धरने पर बैठ गए, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं की अगुवाई करने के लिये विधायक उमेश शर्मा काऊ पहुंच गए। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट और धक्का-मुक्की होने लगी। इस दौरान हुए पथराव से कई भाजपाई घायल हो गए। पुलिस ने लाठियां फटकार भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश भी की। सीओ डालनवाला जया बलूनी भी मौके पर मौजूद रहीं। बावजूद इसके टकराव जारी रहा।

बता दें कि नगर निगम के चुनाव में रायपुर क्षेत्र के एक वार्ड से कांग्रेस के प्रवेश त्यागी चुनाव जीते थे। 21 नवंबर को विजय जुलूस के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई थी। मामले में पुलिस ने क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की थी। यह मामला अब बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *