जम्‍मू-कश्‍मीर के कुलगाम में भारी हिमपात के बाद हिमस्‍खलन

श्रीनगर। उत्‍तर भारत के कई राज्‍यों में भारी बारिश और हिमपात अब परेशानी का सबब बनता जा रहा है। जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में गुरुवार को जवाहर सुरंग के पास श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिमस्खलन होने से छह पुलिसकर्मियों सहित दस लोग लापता हो गए थे। जिनमें बचाव दल ने दो लोगों जिनमें एक एसपीआे शामिल है, को बचा लिया है।पुलिस अधिकारी ने बताया कि काजीगुंड में जवाहर सुरंग के उत्तरी छोर पर यह हिमस्खलन हुआ। उन्होंने बताया कि जब हिस्‍खलन हुआ, तब पुलिस पोस्‍ट पर कुल 20 लोग मौजूद थे। हिमस्खलन के बाद 10 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि अन्य 10 की तलाश जारी है। इन 10 लोगों में 6 पुलिसकर्मी, दो अग्निशमन के कर्मी व दो कैदी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, ‘पुलिस बचाव दल और अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंच गयी हैं।’ एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार दो और पुलिसकर्मियों को बचाया लिया गया है और काजीगुंड अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। इनमें एसपीओ गुलजार व एक अन्य को संयुक्त टीमों द्वारा बचाया गया था। अन्य आठ लोगों की तलाश अभी भी जारी है।बता दें कि कश्मीर घाटी में बुधवार से ही बर्फबारी हो रही है। पिछले 24 घंटे में कुलगाम जिले में सबसे अधिक हिमपात हुआ हैं। जिले के कुछ हिस्सों में पांच फीट तक बफबारी हुई। स्नो एंड एवेलांच स्टडीज स्टैब्लिशमेंट ने अगले 24 घंटे के लिए जम्मू कश्मीर के 22 जिलों में से 16 के लिए विभिन्न स्तर की हिमस्खलन चेतावनी जारी की है।मौसम विभाग ने पहले ही भारी हिमपात और हिमस्‍खलन की आशंका जता दी थी। इसलिए हिमस्‍खलन से पहले ही सेना ने 78 परिवारों को यहां से सुरक्षित स्‍थानों पर भेज दिया था। अधिकारियों ने बताया कि हिमस्‍खलन के कारण काफी नुकसान हुआ है। बिजली को वापस सामान्य रूप में बहाल करने में कुछ समय लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *