कार्यकर्ताओं की नाराजगी रही हार का कारण: साक्षी महाराज

ऋषिकेश : उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि गोरखपुर और फूलपुर का चुनाव जीतकर विपक्ष अति उत्साहित हो रहा है। इतना जरूर है कि ये चुनाव परिणाम संगठन और नेतृत्व के लिए किसी सबक से कम नहीं। यहां कहीं न कहीं कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी हार का कारण रही।

ऋषिकेश स्थित भगवान भवन आश्रम पहुंचे भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिस तरह सपा और बसपा की सरकारों में कार्यकर्ताओं की खूब चलती थी, योगी सरकार में भी कार्यकर्ताओं को यही उम्मीद थी। मगर, योगी सरकार ने कार्यकर्ताओं की मनमर्जी पर नकेल कस दी।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर और फूलपुर में 38 प्रतिशत मतदान हुआ। हमारा कार्यकर्ता बाहर नहीं निकला। यह उसकी नाराजगी ही कही जाएगी। हालांकि, चुनाव परिणामों से कार्यकर्ता दुखी भी हैं। सपा और बसपा के गठबंधन को नापाक बताते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि गोरखपुर और फूलपुर की जीत से विपक्ष फूला नहीं समा रहा है। मगर, उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की नौ सीटें हमने जीती। जो हमारे पास नहीं थीं।

उन्होंने कहा कि अब हम कर्नाटक जीतने जा रहे है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के खिलाफ भले ही कोई महागठबंधन बन जाए, मगर मोदी को टक्कर देने के लिए इनके पास कोई चेहरा नहीं है।

चुनाव में राम मंदिर के मुद्दे को लेकर साक्षी महाराज ने कहा कि तब तक सुप्रीम कोर्ट में यह मामला निपट जाएगा। अधिसंख्य मुस्लिम वहां मंदिर के पक्ष में हैं। विपक्ष पर सदन के भीतर बेवजह शोर मचाने का आरोप लगाते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि नोटबंदी, कालाधन तमाम मुद्दों पर विपक्ष बहस के बजाय सिर्फ शोर मचाता है। सरकार की मंशा सदन को चलाने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *