सीएम ने ली महापौर और पार्षद प्रत्याशियों की बैठक

देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि नगर क्षेत्र की 65 प्रतिशत जनता का मुद्दा स्वच्छता का है, इस पर हमारा विशेष फोकस रहेगा। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में शामिल हुए ग्रामीण क्षेत्रों का विकास अब तेजी से होगा। इसके लिए बजट में तीन गुना वृद्धि होगी। इससे वहां की जरूरी सुविधाओं में सुधार होगा। महापौर और पार्षदों की जीत हर कार्यकर्ता का मिशन होगा। इसके लिए एकजुटता के साथ जुट जाएं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापौर और पार्षद प्रत्याशियों की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां लेकर हम जनता के बीच जाएंगे। कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों के नाम पर वोट मांगें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सबका साथ सबका विकास पार्टी का नारा है। ऐसे में इस बात का ध्यान रखें कि महापौर से लेकर पार्षद तक के प्रत्याशियों को साथ लेकर चलें। उन्होंने कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन न हो। इस मौके पर मुख्यमंत्री रावत ने अपने कार्यकाल की कई उपलब्धियां पार्षद प्रत्याशियों के सामने रखीं। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि महापौर पद पर हम एक लाख से ज्यादा वोटों से जीतेंगे। कार्यकर्ताओं और पार्षद प्रत्याशियों में जो उत्साह दिख रहा है, उससे पार्षद पद पर भी इतिहास रचेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए 25 दिन कारगिल युद्ध जीतना जैसा है। धैर्य, शालीनता और विनम्रता का विशेष ख्याल रखें। उन्होंने साफ कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। अंतर्कलह को दूर करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस चुनाव में हमारा नारा मिशन 80 प्लस होगा। महापौर प्रत्याशी सुनील उनियाल गामा की तारीफ करते हुए कहा कि साधारण परिवार से नाता रखने और उनके संघर्ष का नतीजा है कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। इस मौके पर हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमेश पोखरियाल निशंक, राज्य मंत्री एवं निकाय प्रभारी डा.धन सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री ‘संगठनÓ संजय कुमार, महामंत्री व चुनाव संयोजक नरेश बंसल आदि मौजूद रहे निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक में धर्मपुर विधायक एवं निवर्तमान महापौर विनोद चमोली और मसूरी विधायक गणेश जोशी शामिल नहीं हुए। बताया जा रहा कि वह किसी निजी काम से व्यस्त हैं। इसके अलावा सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर भी बैठक में शामिल नहीं हुए। तीनों विधायकों की अनुपस्थिति को लेकर चर्चाएं रही। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि चुनाव मैदान में उतरे 100 पार्षद प्रत्याशियों और पार्टी संगठन के महत्वपूर्ण पदाधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनेगा। व्हाट्सएप ग्रुप में पार्टी के दिशा-निर्देश की जानकारी दी जाएगी। नाम वापसी के बाद यह ग्रुप एक्टिव हो जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *