लोकसभा चुनाव की सुरक्षा तैयारियों पर काम शुरू, 43 हजार सुरक्षाकर्मी होंगे तैनात - News Detail

लोकसभा चुनाव की सुरक्षा तैयारियों पर काम शुरू, 43 हजार सुरक्षाकर्मी होंगे तैनात

देहरादून। लोकसभा चुनाव की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहेगी। इसके लिए 43 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने जिलों के लिए फोर्स आवंटन की योजना तैयार कर ली है।

केंद्र ने भी तीस कंपनी केंद्रीय सुरक्षा बल देने की अनुमति दी है। 15 मार्च से केंद्रीय सुरक्षा बल जिलों में पहुंच जाएंगे। इसके अलावा बीस हजार होमगार्ड और पीआरडी जवान भी चुनाव के दौरान सुरक्षा में तैनात रहेंगे।

पुलिस मुख्यालय ने भी लोकसभा चुनाव की सुरक्षा तैयारियों पर काम शुरू कर दिया है। प्रदेश में मौजूद पुलिस फोर्स के अलावा अन्य प्रदेशों से मांगी गई 100 कंपनी के अनुसार ही सुरक्षा का चार्ट बनाया गया है।

पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी ने बताया कि गृह मंत्रालय ने 30 कंपनी केंद्रीय बल की अनुमति दे दी है। केंद्र से करीब 100 कंपनी की मांग की गई थी। जल्द फोर्स अलग-अलग जिलों में आवंटित की जाएगी।

सबसे ज्यादा फोर्स हरिद्वार के 11, देहरादून और ऊधमसिंहनगर के 10-10 विधानसभा क्षेत्रों में तैनात की जाएगी। इसके बाद नैनीताल, टिहरी, पौड़ी आदि जनपदों में संवदेनशीलता के अनुरूप सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। बताया कि उत्तरप्रदेश और हिमाचल प्रदेश से भी 10 हजार से ज्यादा होमगार्ड मांगे गए हैं।

इधर, डीजी लॉ एंड आर्डर अशोक कुमार ने बताया कि 80 कंपनी पीएसी और केंद्रीय फोर्स के अलावा 15 हजार पुलिस के जवान, 20 हजार होमगार्ड और पीआरडी जवान तैनात किए जाएंगे।

अंतरराज्यीय बार्डर पर लगेंगे कैमरे 

प्रदेश की सीमा से जुड़े उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश के करीब 84 अंतरराज्यीय बैरियर पर कैमरे लगाए जाएंगे। 25 मार्च के बाद यहां कैमरे लगा दिए जाएंगे। जहां बिजली या फिर कैमरे लगाने की स्थिति नहीं होगी, वहां वीडियो सर्विलांस टीम तैनात रखी जाएगी। इसके अलावा नेपाल से जोडऩे वाले छह अंतरराष्ट्रीय बैरियर पर एसएसबी के साथ विशेष समन्वय रखा जाएगा।

आइजी को बनाया नोडल अधिकारी 

पुलिस मुख्यालय की तरफ से आइजी लॉ एंड आर्डर दीपम सेठ को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई। चुनाव से जुड़ी हर गतिविधि पर वह शासन से समन्वय बनाए रखेंगे। इसके अलावा जिलों में भी चुनाव के लिए अलग से नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *