घर में सो रही किशोरी का किया अपहरण - News Detail

घर में सो रही किशोरी का किया अपहरण

रुड़की। घर में सो रही एक किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसका अपहरण कर लिया गया। कुछ देर बाद मां की आंख खुली तो किशोरी गायब मिली। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। इस बीच आरोपित किशोरी को घर के समीप एक खाली प्लॉट में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस को किशोरी बेहोशी की हालत में मिली है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। उसके दो साथियों को भी तलाश जारी है।कोतवाली रुड़की अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि वह अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ सो रही थी। लाइट न होने के कारण उसने बाहर की गैलरी का दरवाजा खुला छोड़ा हुआ था, ताकि हवा आ सके। रात करीब डेढ़ बजे जब उसकी आंख खुली तो उसकी बेटी गायब थी। पहले तो उसे लगा कि वह पानी पीने किचन में या फिर शौचालय में गई होगी। जब उसे बेटी कहीं नहीं दिखाई तो उसने परिवार के अन्य लोगों को जानकारी दी। बाहर गेट भी खुला था। जिससे लग रहा था कि घर के भीतर कोई आया है।इस पर उन्होंने मामले की जानकारी कोतवाली रुड़की पुलिस को दी। पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि मोहल्ले का ही एक युवक उसकी बेटी को अक्सर परेशान करता है। युवक के घर पर पता किया तो वह गायब था। पुलिस ने किशोरी और युवक की तलाश शुरू कर दी। कुछ घंटों बाद किशोरी घर के समीप एक खाली प्लॉट में बेहोशी की हालत में मिल गई।कोतवाली रुड़की प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस कार्रवाई से घबराकर आरोपित किशोरी को घर के समीप बेहोशी की हालत में छोड़ गए थे। किशोरी की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपित युवक पंकज को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। किशोरी का मेडिकल कराया जा रहा है। फिलहाल वह ज्यादा कुछ नहीं बता पा रही है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *